मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव सोंटा निवासी 41 वर्षीय राजन पुत्र धर्मवीर को कई दिन से डेंगू बुखार था। परिजनों ने पहले उसका इलाज स्थानीय स्तर पर कराया। इसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की शाम को राजन की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार गमगीन है। बहनोई विकास बालियान ने बताया कि राजन की पत्नी बबली भी डेंगू बुखार से पीड़ित है। उसे बड़ौत के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।