खंभे से निकला तार हादसे को दे रहा दावत
खतौली। शिवभक्त कांवड़ियां अपने ईष्ट शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। जीटी रोड पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने लगी है। प्रशासन द्वारा कई बार बैठक लेकर यात्रा मार्ग में किसी भी बाधा को दूर करने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद भी विद्युत निगम अधिकारियों की कोई इस ओर कोई ध्यान नहीं है। जीटी रोड पर ईदगाह के सामने स्ट्रीट लाइट के खंभे का तार करीब दो फुट सड़क की ओर निकला हुआ है। आसपास दुकानदारों ने बताया कि तार में उलझ कर कई लोगों को करंट लग चुका है। इस संबंध में बिजली कर्मचारियों को भी सूचना दी गई थी, मगर इसे ठीक नहीं कराया गया है। जिस कारण कोई बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है।