गंगा स्नान को पानी के लिए तरसे श्रद्धालु
मुजफ्फरनगर। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए लोग गंगा में पानी के लिए तरस गए। गंगा में बेहद कम पानी होने के कारण भक्तों ने जैसे-तैसे स्नान किया। ऊपर से पानी नहीं छोड़े जाने को लेकर भक्तों में रोष रहा। शनिवार को पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान करने के लिए गंगा बैराज और शुकतीर्थ गए थे। बीते कई दिनों से गंगा में पानी बेहद कम चल रहा है। गंगा बैराज पर बिजनौर और मुजफ्फरनगर दोनों जिलों के भक्त स्नान को पहुंचते हैं, लेकिन गंगा में पानी बेहद कम रहा। जगह-जगह से सूखे पड़े गंगा क्षेत्र में पानी की छोटी-छोटी धाराएं बह रही थीं। भक्तों को घुटनों तक पानी में ही स्नान करना पड़ा।