लक्ष्य से 16 प्रतिशत ही हो पाई गेहूं की खरीद
मुजफ्फरनगर। जिले में गेहूं की खरीद लक्ष्य के मुकाबले 16.76 प्रतिशत ही हो पाई है। जनपद में 48 क्रय केंद्र बनाए हैं। किसानों को आरटीजीएस के माध्यम से 48 घंटे में पैसा दिया जा रहा है। 15 जून तक गेहूं की खरीद की जाएगी। जनपद में इस बार गेहूं का बाजार भाव सरकारी रेट से कम हैं। सरकार किसानों से 1840 रुपए कुंतल गेहूं खरीद रही है। किसानों को 20 रुपए कुंतल लेबर के अलग से दिए जा रहे हैं। बाजार में 1800 रुपए कुंतल तक ही गेहूं की खरीद हो रही है। इस कारण किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर बिक्री के लिए गेहूं ले जा रहा है। जिले में 48 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 24 सेंटर पीसीएफ के हैं। नौ खाद्य विभाग के, 12 डीसीयू, दो यूपी एग्रो और एक भारतीय खाद्य निगम का है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि गेहूं खरीद के 48 घंटों के अंदर किसानों के खातों में पैसा भेजा जा रहा है। जिले में गेहूं खरीद का लक्ष्य 31900 मैट्रिक टन रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक 5346.85 मैट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। प्रदेश सरकार ने गेहूं खरीद 15 जून तक करने का निर्णय लिया है। विभाग धीरे धीरे लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।