जुगाड़ खाई में पलटा, छात्राओं सहित एक दर्जन घायल
खतौली। खतौली-बुढ़ाना मार्ग पर अनियंत्रित होकर जुगाड़ सड़क किनारे खाई में पलट गया। जिसके नीचे दबकर छात्राओं सहित एक दर्जन यात्री घायल हो गए। सोमवार शाम खतौली से लगभग दो दर्जन यात्रियों को जुगाड़ में बैठाकर चालक रतनपुरी के गांव मुजाहिदपुर के लिए चला था। जिसमें डिग्री कॉलेज की पांच छात्राएं भी बैठी थीं। गांव सठेड़ी के पेट्रोल पंप के पास जुगाड़ पहुंचा। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक और रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर जुगाड़ सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गया। राहगीरों और ग्रामीणों ने घायलों को जुगाड़ के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस को बुलवाकर गांव मुजाहिदपुर निवासी पायल, गीता, निक्की, गुंजन, भारती, भागराज सिंह, सुमन, राजवीरी, धन्नो, अमित, राजेश, ओमवती को सीएचसी मेें भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने गीता, निक्की और गुंजन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।