कैबिनेट मंत्री रात में विश्राम कर सुबह निकले
खतौली। औद्योगिक विकास विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने बुधवार की रात को गांव भैंसी के राजकीय कन्या इंटर कालेज में ही विश्राम किया। बृहस्पतिवार की सुबह 5 बजे के करीब मंत्री अपने काफिले के साथ दिल्ली निकल गए। गांव भैंसी के कालेज में बुधवार को ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम चौपाल रात्रि विश्राम के कार्यक्रम में मंत्री ने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया था। कार्यक्रम समाप्त होने पर मंत्री ने सांसद व विधायकों के साथ कालेज में ही बना खाना खाया। इसके बाद रात में उन्होंने सांसद व विधायकों तथा कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं के बारे में पूछताछ की तथा पार्टी को मजबूत बनाने पर विचार विमर्श किया। रात में मंत्री ने कालेज में ही विश्राम किया।