प्रभु यीशु के स्मरण में गीत गाए
खतौली।
नगर के चर्च में ईस्टर संडे का पर्व बड़ी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व पर प्रभु यीशु के गीत गाए गए।
सीएनआई ऐपीफेनी चर्च में आयोजित कार्यक्रम में चर्च के पासबान रेव्ह निर्मल जैकब ने बताया कि शुक्रवार के दिन प्रभु यीशु मसीह समस्त मानव जाति के पाप के लिए सलीब पर चढ़ाए गए। लेकिन अपने कथन के अनुसार तीसरे दिन मुर्दो में से जी उठे। बाइबिल में युहन्ना की पुस्तक दो अध्याय के उन्नीस, बीस पद में ऐसा लिखा गया है। प्रभु यीशु मसीह का जी उठना काफी अनोखी बात है। क्योंकि मरते तो बहुत हैं, लेकिन जिंदा कोई नहीं हुआ। किसी ने भी प्रभु यीशु मसीह के समान न तो पढ़ाया न सिखाया, उनके समान किसी ने अद्भुत कार्य नहीं किया। किसी ने अपने आप को मार्ग सत्य और जीवन नहीं बताया। आज तक किसी ने पापियों के लिए अपना बलिदान नहीं दिया। यीशु मसीह के समान कोई मर कर जिंदा नहीं हुआ। यीशु मसीह आज भी जिंदा हैं, उनका वादा है कि वो फिर आएंगे और शांति स्थापित करेंगे। हमें पाप करने से बचना चाहिए, ताकि हम संसार में नष्ट न हो जाएं। चर्च की संगीत समिति ने गीत गाते हुए प्रभु यीशु को महिमा दी।