संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत
नूरपुर। थानाक्षेत्र के गांव लुत्फीपुर उर्फ नुगदीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के भाई ने दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मुरादाबाद जनपद के थाना छजलैट के ग्राम दाढ़ी महमूदपुर निवासी रोहित ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है उसकी बहन रिपी की शादी नूरपुर थानाक्षेत्र के ग्राम लुत्फीपुर उर्फ नुगदीपुर में मोनू पुत्र शीशराम के साथ हिन्दू रीति रिवाज के साथ करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। शादी में उन्होने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करते चले आ रहे थे। इसके अलावा उसका पति मोनू एक एफडी तुड़वाने के लिए भी दबाब बना रहा था। रविवार को विवाहिता की किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। सूचना पर उसके मायके वाले भी गांव पहुँच गए। घटना के बाद ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। मृतका के भाई रोहित ने उसके पति मोनू, ससुर शीशराम एवं सास ओमवती के विरुद्ध तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।