जानसठ। जिला पंचायत के वार्ड नंबर 35 पर हुए मतदान की मतगणना शनिवार को होगी। प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 35 पर बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था। बीडीओ विजय प्रताप यादव ने बताया कि ब्लॉक परिसर में मतगणना शनिवार की सुबह आठ बजे से होगी। मतगणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। एसडीएम श्याम अवध चौहान व सीओ एसकेएस प्रताप ने बताया कि मतगणना स्थल पर सिर्फ प्रत्याशी व उसके एजेंट ही अंदर जा सकेंगे। बाकी किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने नहीं दिया जाएगा। शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। चुनाव जीत के बाद जुलूस निकालने वाले प्रत्याशी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।