मुजफ्फरनगर।
ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। शनिवार को ठंडी हवाओं से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। लगातार ठंड के बढ़ने के बाद भी जिला प्रशासन की ओर से अभी तक अलाव आदि की व्यवस्था शुुरू नहीं की गई है। शनिवार को भी मौसम काफी ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड के प्रभाव के चलते रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर आवाजाही कम दिखाई दी। खासकर सुबह और शाम को जनजीवन अधिक प्रभावित हुआ है। ठंड के कारण लोग सुबह और शाम को घर से बाहर कम ही निकल पा रहे हैं। शाम को बाजारों में आवाजाही कम होती जा रही है। सुबह को दस बजे तक बाजारों में कोई चहल-पहल नहीं रही। ठंडी हवाओं का लोगों पर सीधा असर हो रहा हैं।