मिल के ईटीपी प्लांट का निरीक्षण किया
खतौली (मुजफ्फरनगर)। तहसीलदार अमित कुमार ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के साथ त्रिवेणी शुगर मिल के ईटीपी प्लांट का निरीक्षण किया। तहसीलदार अमित कुमार ने बताया कि भूड़ निवासी अमीर अहमद अंसारी ने अधिकारियों को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर बताया कि शुगर मिल से निकलने वाले गंदे पानी से भूमिगत पानी दूषित हो चुका है। इसके अलावा मिल छाई से भी नुकसान हो रहा है। शिकायतकर्ता ने जांच कराने की मांग की थी। शनिवार को तहसीलदार ने मुजफ्फरनगर के प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी डीसी पांडेय के साथ मिल के ईटीपी प्लांट का निरीक्षण किया। टीम ने प्लांट के अलावा अन्य स्थानों की बारीकि से जांच पड़ताल की। टीम ने मिल अधिकारियों से भी शिकायत के बारे में जानकारी ली। तहसीलदार ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी जाएगी।