आग में दो बच्चे झुलसे
जानसठ। गांव दक्षिणी घटायन में शुक्रवार की देर रात घर में अचानक आग लगने से हजारों रुपयों की नगदी सहित लाखों रुपये का सामान जल गया। आग में दो बच्चे भी झुलस गए। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग को बुझाया। दक्षिणी घटायन निवासी बालेंद्र पुत्र छोटे मजदूरी करने के लिए मेरठ गया हुआ था। घर पर उसके पत्नी व दो बच्चे मौजूद थे। शुक्रवार की देर रात घर में दोनों बच्चे अपनी मां के साथ सो रहे थे। उसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। महिला व बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण व ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। आग में दो बच्चे प्रभाव व उज्ज्वल भी झुलस गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से गरीब परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है। वहीं, ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित के घर में हुए नुकसान और आर्थिक मदद के लिए एसडीएम को अवगत करा दिया है।