जिले में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। जिले में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का भव्य समारोह के बीच शुभारंभ हो गया। डीएम राजीव शर्मा और विधायक कपिलदेव अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने मोबाइल ऐप के माध्यम से आईपीपीबी का उद्घाटन बटन दबाकर किया। प्रधानमंत्री इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि आईपीपीबी को जनसामान्य के लिए सर्वाधिक पहुंच वाला किफायती और भरोसेमंद बैंक बनाना है। पीएम नरेंद्र मोदी का सपना है देश का प्रत्येक व्यक्ति बैंक से जुड़ जाए। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि सरकार की प्रमुख बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना(पीएमजेजेबीवाई) के लिए पीएनबी मेटलाइफ इंश्योरेंस के साथ करार किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक का विशाल नेटवर्क और इसकी विस्तृत पहुंच है। इससे आम आदमी को सीधे लाभ होगा। कार्ड और बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण का प्रयोग कर ग्राहकों को डिजिटल भुगतान की सुविधा भी प्रदान होगी। देश के 55 हजार डाकघरों में तीन लाख से अधिक पोस्टमैन इससे जुड़ गए हैं। प्रवर अधीक्षक डाकघर, सीनियर मैनेजर आईपीपीबी आदि अधिकारी रहे।