सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। गांव निराना में दस दिन में चार पशुओं की मौत से पशुपालकों में दहशत व्याप्त हो गई है। ग्रामीणों को आरोप है कि केमिकल युक्त चारा खाने से मवेशियों की मौत हुई है। गांव निराना में दस दिनों के भीतर खुर्शीद की भैंस, छाया की गाय और सुखराम की भैंस चारा खाते हुई मरी हैं। ग्राम प्रधान मोहम्मद इस्तखार का कहना है कि उनके गांव में किसानों के पशुओं को मुंहपका खुरपका जैसी बीमारी फैल रही है। ग्रामीणों के सभी पशु इस बीमारी से जूझ रहे हैं। इस बीमारी के चलते किसानों में दहशत व्याप्त है। प्रदूषण नियंत्रण समिति के महासचिव प्रवेश पाल ने बताया पशु चिकित्साधिकारी को सूचना देने के बाद भी अभी तक कोई टीम गांव में नहीं भेजी गई है। इसे लेकर किसानों में रोष है। ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर पशु चिकित्सकों की टीम को गांव में भेजने की मांग की।