ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति के लिए ज्ञापन सौंपा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष योगेश खारी एडवोकेट के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को गांव अंतवाड़ा के ग्रामीण एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। ग्रामीणों ने तहसील में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि गांव में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बिल्कुल ठप है। गांव में मात्र चार या पांच घंटे की बिजली आपूर्ति दी जाती है। बिजली नहीं आने से किसानों की फसल बर्बाद होने लगी हैं और ग्रामीणों का गर्मी से हाल बेहाल है। इस संबंध में कई बार जेई को भी अवगत कराया गया। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति नहीं सुधरी। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर एसडीएम कन्हई सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रामलाल प्रधान, धर्मसिंह दरोगा, विकास खारी, नेत्रपाल गुर्जर, राजवीर राणा, विनोद गुर्जर, लालू सिंह, जगदीश मुखिया, सचिन खारी, रामेश्वर शर्मा, तेजपाल, रहमान, नरेंद्र, अरुण, प्रदीप, सोनू आदि ग्रामीण शामिल रहे।