बैडमिंटन का खिताब आशु ने जीता
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में चल रहे खेल सप्ताह में शनिवार को खो-खो, बैडमिंटन प्रतियोगिताएं हुई। क्रिकेट के लीग मैच भी खेले गए।
खो-खो पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में बायो साइंस ने बीबीए टीम को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम ने बीएससी बेसिक साइंस को हराया। महिला वर्ग में पहला सेमीफाइनल शिक्षक शिक्षा विभाग और दूसरा सेमीफाइनल शारीरिक शिक्षा विभाग टीम ने जीता। फाइनल मुकाबले 19 फरवरी को होंगे। पुरुष वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता पहला सेमीफाइनल आशु ने तथा दूसरा सेमीफाइनल मोहित ने जीता। फाइनल मुकाबले में आशु ने मोहित को 2-1 से हरा कर खिताब अपने नाम किया। क्रिकेट में बीटेक ग्रीन और पालीटेक्निक के बीच मैच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बीटेक ग्रीन की टीम ने पालीटेक्निक की टीम को 56 रन का लक्ष्य दिया। जिसे पालीटेक्निक की टीम ने सावन के 25 रन की बदौलत लक्ष्य हासिल किया। पत्रकारिता एवं जनसंचार संकाय और एमबीए संकाय के बीच हुआ। पत्रकारिता एवं जनसंचार की टीम की तरफ से विशांक और हिमांशु त्यागी की सलामी जोड़ी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई विकेट खोए विपक्षी टीम को 82 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमबीए की टीम मात्र 33 रन पर ही सिमट गई। पत्रकारिता एवं जनसंचार की टीम ने 49 रन से मैच जीता। शिक्षक शिक्षा विभाग और बीटेक रेड टीमों के बीच हुआ मैच शिक्षक शिक्षा विभाग की टीम ने जीता। बीबीए और कॉमर्स टीमों के बीच मैच हुआ।बीबीए ने कॉमर्स की टीम को 58 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कॉमर्स की टीम 47 रन ही बना सकी। पांचवां मैच विधि संकाय और एमबीए संकाय के बीच हुआ। विधि विभाग ने 75 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा कर रही एमबीए की टीम 19 रनों पर ढेर हो गई।