मंत्री ने अफसरों के साथ मंत्रणा की
मुजफ्फरनगर। सूबे के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा जारी बजट तथा व्यय की स्थिति की समीक्षा की।
लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपर निदेशक कोषागार एवं पेंशन सहारनपुर मंडल एवं तीनों जनपदों के मुख्य व वरिष्ठ कोषाधिकारी, खाद्य एवं रसद विभाग, प्राधिकरणों, जिला पंचायतों, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभागों में तैनात वित्त एवं लेखाधिकारी, सहायक निबंधक फर्म्स, सोसाइटी एंव चिट्स की बैठक ली। उन्होंने शासन की मंशा अनुसार पेंशनरों के प्रकरणों को वरीयता देते हुए शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। पेंशनरों की सुविधा को दृृष्टिगत रखते हुए डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र का पंजीकरण अधिक से अधिक करने का कहा। गेहूं खरीद के संबंध में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी (खाद्य एंव रसद विभाग) को बताया कि क्रय केंद्र खोले गए है। शासन की गेहूं खरीद नीति में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्यवाही किए जाने एवं खरीद व भुगतान प्रक्रिया का डिजिटलाइजेशन करने के निर्देश दिए। सहायक निबंधक फर्म्स, सोसाइटीज एंव चिट्स को सोसाइटीज के पंजीकरण एवं नवीनीकरण हेतु डिजिटलाइजेशन करने के निर्देश देते हुए लम्बित वादों का त्वरित निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए।