गुरुवाणी का पाठ कर संगत को निहाल किया
खतौली। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा बुआडा रोड पर सहस पाठ आरंभ कराया गया। जत्थों ने गुरुवाणी का पाठ कर साध संगत को निहाल किया।
गुरुद्वारा में प्रदेश वीर खालसा दल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह कोछड़ ने कहा कि वीर खालसा दल की ओर से प्रदेश में सिखों को सिद्धांतों से जोड़ने के लिए निरंतर खालसा चेतना दरबार आयोजित किए जा रहे हैं। हमें निरंतर सिख सिद्धांतों का पालन करना है। अपनी एकजुटता से अपनी ताकत को बढ़ाना है। इसी कड़ी में दो अक्तूबर को मेरठ में सिख सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें हमारे सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम में सिख समाज के लोग भारी संख्या में शामिल होंगे। रविवार को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में सहस पाठ का आयोजन कराया गया है। इससे पूर्व, गुरुद्वारा कमेटी की ओर से कोछड़ को पटका पहना कर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रधान सरदार लखवीर सिंह लक्खी, सतपाल सिंह पाली, सतनाम सिंह, जसवीर सिंह, गुरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह, मनजीत सिंह, जोगेंद्र सिंह आदि का सहयोग रहा। बाद में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।