शाहपुर। गांव पलड़ा निवासी साइकिल सवार युवक को कस्बे के मंसूरपुर तिराहे के पास ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई।
शाहपुर के गांव पलड़ा निवासी 20 वर्षीय सादिक पुत्र यामीन शनिवार की दोपहर साइकिल पर सवार होकर गांव काकड़ा में एक खेल के मैदान पर प्रेक्टिस करने जा रहा था। जब वह कस्बे के मंसूरपुर तिराहे के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। साइकिल में ट्रक की टक्कर लगते ही युवक नीचे गिर गया और डिवाइडर से टकरा गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में परिजनों को घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया और परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया । बताया गया कि मृतक युवक ने रेलवे विभाग में ग्रुप डी के लिए परीक्षा भी दे रखी थी और उसका हाल ही में परीक्षाफल आया था, जिसमें वह उत्तीर्ण हो गया था। घटना से गांव में शोक व्याप्त हो गया। मृतक के ताऊ जहूर हसन की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।