आठ करोड़ से चकाचक होंगी शहर की सड़कें
मुजफ्फरनगर। भाजपा सांसद और विधायक के संयुक्त प्रस्ताव पर 14 वें वित्त एवं अवस्थापना निधि में शहर की सड़कों के लिए आठ करोड़ स्वीकृत हो गए हैं।
नगर विधायक कपिल देव ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के 14वें वित्त एवं अवस्थापना निधि से होने वाले कार्य लंबे समय से लंबित थे। नगरवासियों की लगातार शिकायत एवं सभासदों की संस्तुति पर सांसद डॉ संजीव बालियान एवं नगर विधायक कपिल देव ने विकास योजनाओं की सूची डीएम राजीव शर्मा को सौंपी है, जिस पर सड़कों का निरीक्षण तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट अमित सिंह द्वारा कराया गया है। नगर में अनेक मार्गों पर जलभराव, सड़कों के टूटी होने की शिकायतें मिल रही है। जल निगम द्वारा भी अनेक सड़कों से पाइप लाइन डालकर लीपापोती कर छोड़ दिया गया है। कई मुख्य मार्गों पर अभी पाइप लाइन सीवर डाला जाना प्रस्तावित है। इस बार अधिक वर्षा होने के कारण भी सड़कें काफी टूट गई है। विधायक ने बताया कि सभी 50 वार्डों में सड़कों के प्रस्ताव दिए गए हैं, जो शीघ्र ही नगर पालिका के 14वें वित्त एवं अवस्थापना निधि से होगे। सांसद बालियान ने कहा है कि अभी काफी कार्य शेष है जिन्हें आगामी वर्ष की राशि से पूर्ण कराया जाएगा।