मिल गेट पर किसानों का धरना 17 अगस्त को होगा
खतौली। गन्ना समिति में हुई डायरेक्टरों और किसानों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 29 जुलाई को शुगर मिल गेट पर होने वाले किसानों के धरने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब किसान अपनी मांगों को लेकर कांवड़ यात्रा के बाद 17 अगस्त को मिल गेट पर धरना देंगे। शुक्रवार को समिति में हुई बैठक में चेयरमैन ओमवीर सिंह ने कहा कि घटतौली का पैसा तथा गन्ने का बकाया भुगतान ब्याज सहित लेने की मांग को लेकर किसान संघर्ष करते रहेंगे। मिल मालिक प्रबंधन की तानाशाही किसान कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। किसान अब 17 अगस्त को अपनी मांगों को लेकर शुगर मिल गेट पर धरना देंगे। बैठक में डायरेक्टर चौधरी उदयवीर सिंह, प्रवेश, प्रशांत, रामनिवास, जयप्रकाश शास्त्री, प्रमोद अहलावत, बीजू तुलसीपुर, बाबूराम गुर्जर, पप्पल तुलसीपुर आदि किसान मौजूद रहे।