छात्रा की सेहत बिगड़ी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। स्कूल में कड़ाके की ठंड तथा मिड-डे मिल खाने से छात्रा की अचानक तबीयत खराब हो गई। छात्रा को प्राथमिक उपचार कराने के बाद घर भेज दिया गया। जानसठ देहात के उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार दोपहर ठंड में मिल-डे मिल खाने के दौरान अचानक कक्षा छह की छात्रा बिलकिस की तबीयत खराब हो गई। स्कूल इंचार्ज सुनीता देवी ने तुरंत सीएचसी से चिकित्सक को बुलाकर छात्रा को दवाई दिलवाई। शिक्षिकाओं ने छात्रा को उसके घर भेज दिया। स्कूल की अध्यापिका पिंकी व विभूति ने बताया कि स्कूल में बेंच की कमी होने पर बच्चों को खुले बरामदे में फर्श पर बैठाकर पढ़ाने के लिए वे मजबूर हैं। स्कूल में कमरे तो पर्याप्त संख्या में है, लेकिन खिड़की और रोशनदानों की वजह से कमरों में बच्चों को अधिक सर्दी लगने के कारण उन्हें बरामदे में बैठाया जाता है।