अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कस्बे के मोहल्ला जन्नताबाद निवासी नवाब अली पुत्र आमिर अली ने एसडीएम श्याम अवध चौहान को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी आबिद पर बिना अनुमति लिए उसके मकान पर पोस्टर लगाने का आरोप लगाया था। एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने जांच के बाद प्रत्याशी आबिद के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसडीएम ने बताया कि भवन अथवा सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति के पोस्टर लगाना आचार संहिता का उल्लंघन की श्रेणी में आता है। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।