सोमवार देर रात ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। युवक अंकित (20) कटघर के धोबी वाली मिलक का रहने वाला था। दो माह बाद उसकी शादी होने वाली थी। अंकित के बड़े भाई राजवीर ने बताया कि उसका रिश्ता बहेड़ी निवासी युवती से तय हो गया था। गोद भराई की रस्म भी पूरी की जा चुकी थी। सोमवार देर रात अंकित टहलने के लिए कहकर घर से बाहर निकला था। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने ढूंढना शुरू किया। घर से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के पास अंकित का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। घटना से शादी समारोह की तैयारियां मातम में बदल गईं। बुजुर्ग पिता जगराम सिंह का रो रोकर बुरा हाल हो गया। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।