ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव कमालपुरी खालसा निवासी हिमांशु कुमार ग्राम प्रधान की ननद की शादी समारोह में शामिल होने किशनपुर गांवड़ी स्थित मैरिज हॉल में गया था। बुधवार रात करीब 10:15 बजे वह बाइक से शादी से लौट रहा था। जब वह गांव के पास पहुंचा तो डिलारी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से हिमांशु बाइक समेत गिर गया। उसका हेलमेट भी अलग गिर गया। सिर में गहरी चोट आने से हिमांशु की मौत हो गई। शादी से लौट रहे गांव के अन्य लोगों ने हिमांशु को सड़क पर पड़ा देखा तो उसके परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। दुर्घटना स्थल पर अज्ञात वाहन का टायर के पास का कुछ हिस्सा टूटा हुआ पड़ा मिला। सूचना पर मुरादाबाद से आई फोरेंसिक टीम ने भी दुर्घटना स्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिमांशु के पिता वेद प्रकाश सिंह उर्फ मुन्नू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हिमांशु घर पर ही रहकर पिता के साथ खेती करता था। हिमांशु की मौत से उनकी पत्नी प्रियंका, मां सावित्री देवी, पिता, बड़े भाई विकास और छोटे भाई रजत कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक किरणपाल सिंह ने बताया कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों से हादसा करने वाले वाहन के चालक की तलाश की जा रही है।
दो बाइकों की टक्कर में एक घायल, जिला अस्पताल रेफर
बिलारी (मुरादाबाद)।
रुस्तमनगर सहसपुर गांव में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर स्योंडारा मोड़ के सामने दो बाइक आपस में टकरा गई। हादसे में एक बाइक सवार अनिल उर्फ छोटू (40) घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सहसपुर गांव निवासी अनिल अपने दोस्त अमित सिंह की बाइक पर बैठकर बिलारी से सहसपुर जा रहा था। जब दोनों बाइक सवार स्योंडारा मोड़ पर पहुंचे तो हाईवे पर बने कट पर सामने से आ रहे अमरोहा जिले के एक गांव निवासी मोहम्मद नबी की बाइक से इनकी बाइक टकरा गई। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से अनिल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।