मुरादाबाद। किशोरियों को बरगला कर दिल्ली ले जा रहे युवक शाकिर निवासी रायबरेली को जीआरपी मुरादाबाद ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों किशोरियां रायबरेली की हैं। 15 सितंबर को एक किशोरी के पिता ने रायबरेली के कोतवाली नगर थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दोनों किशोरियां आपस में सहेली हैं। दोनों स्कूल के लिए घर से निकली थीं लेकिन शाम को वापस नहीं पहुंची। लखीमपुर प्रकरण के कारण इस मामले को एडीजी प्रयागराज जोन ने गंभीरता से लेकर पुलिस को खोजबीन तेज करने के निर्देश दिए थे। 15 सितंबर की रात साढ़े 10 बजे कंट्रोल की सूचना पर जीआरपी ने ट्रेनों में तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार देर रात 02:30 बजे के बाद पद्मावत एक्सप्रेस में मुरादाबाद जीआरपी को दोनों किशोरियां मिल गईं। उनके साथ एक शाकिर नाम के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता है और दोनों किशोरियों को वहीं ले जा रहा था। एक किशोरी को वह चार साल से जानता है। दोनों किशोरियों को अपने दोस्त अरमान के साथ मिलकर कार से लखनऊ रेलवे स्टेशन पर लाया। वहां से अरमान कार लेकर लौट गया और आरोपी शारिक किशोरियों को लेकर दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस में चढ़ गया। मुरादाबाद में जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि अरमान को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जीआरपी ने दोनों किशोरियों और आरोपी को रायबरेली पुलिस को सौंप दिया है।