मुरादाबाद। अगले साल लोग मुरादाबाद से कश्मीर तक ट्रेन से यात्रा कर सकेंगे। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत नई लाइन बिछाने का काम अंतिम चरण में है। प्रेस वार्ता में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 20 किमी. का काम शेष रह गया है।
मुरादाबाद से माता वैष्णो देवी जाने वाले लोग कटरा स्टेशन तक ही ट्रेन से सफर करते हैं। उसके बाद सड़क मार्ग से यात्रा करते हैं। कश्मीर में बारामूला से संगलदान तक ही ट्रेन चलती है। अब रेलवे कटरा व बनिहाल के 111. किमी लंबे सेक्शन को जोड़ रहा है। इसके तहत 17 किमी. लंबी सुरंग में रेल लाइन बिछाने का काम बाकी है।
वर्तमान में जम्मू से कश्मीर तक जाने के लिए लोगों को टैक्सी या अन्य परिवहन का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसमें प्रति यात्री दो हजार रुपये तक खर्च होते हैं। रेल मार्ग से जुड़ने के बाद कश्मीर तक पहुंचने में समय व रुपये दोनों की बचत होगी। ट्रेन में कोच व क्लास के मुताबिक किराया काफी कम रहेगा। रेल मंत्री ने बताया कि बनिहाल से संगलदान के बीच रेल संचालन के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी का प्रमाणपत्र भी मिल गया है।
इसी रेलमार्ग पर बना है चिनाब ब्रिज
ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक पर ही चिनाब ब्रिज बनाया गया है। यह दुनिया का सबसे ऊंचा आर्क ब्रिज है। इस पुल की ऊंचाई 1000 फीट से ज्यादा है और यह 1315 मीटर लंबा है। रेलमंत्री ने कहा कि इस पुल के ऊपर से जब ट्रेन गुजरेगी तो यात्रियों के लिए एक अलग अनुभव होगा। रेलवे के मुताबिक 28 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में 272 किमी तक रेलवे ट्रैक बिछाया गया है।
-
विस्टाडोम कोच में बैठकर ले सकेेंगे पर्वतीय नजारों का आनंद
कश्मीर घाटी में रेल यात्रा के लिए रेलवे ट्रेनों में विस्टाडोम कोच लगाने की योजना बना रहा है। इन बोगियों में छत शीशे व मजबूत फाइबर की बनी होती है। यात्रियों को बाहर के दृश्य व ऊंचे-ऊंचे पहाड़ स्पष्ट दिखाई देते हैं। बनिहाल से संगलदान तक 48 किमी. के हिस्से में 11 सुरंग और 16 पुल बनाए गए हैं। यूएसबीआरएल का काम पूरा होने के बाद कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल कनेक्टिविटी हो जाएगी।
-
यूएसबीआरएल परियोजना पर काम करने के लिए एक अलग इकाई बनाई गई है। काम अंतिम चरण में है। बहुत जल्द यात्री कश्मीर तक ट्रेन से जा सकेंगे। मुरादाबाद होकर जम्मू तक जाने वाली ट्रेनों का भविष्य में कश्मीर तक विस्तार का हो सकता है।
- आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम