ठाकुरद्वारा। दुष्कर्म और जानलेवा हमले की विवेचना किसी अन्य थाने से करने की मांग एक गांव की महिलाओं ने की। उन्होंने अपनी मांग को लेकर सीओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। गांव की एक महिला और उसके भाई ने कोर्ट के आदेश से अलग-अलग दो रिपोर्ट कोतवाली ठाकुरद्वारा में दर्ज कराई हैं। एक रिपोर्ट में आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उन पर अत्याचार किया। परिवार की महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया। उनके पशुओं को जहर देकर मार डाला। उनके डर से वह गांव के बाहर एक खंडहर में रह रही थी तो वहां पर आरोपियों ने हमला कर दिया। मारपीट की और उनकी झोपड़ी में आग लगा दी। जबकि दूसरी घटना में महिला के भाई ने कुछ लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा वापस न लेने पर रास्ते में घेर कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ठाकुरद्वारा पुलिस आरोपियों से हमसाज है। मुख्य आरोपी पुलिस के साथ घूमता हुआ देखा जा सकता है। उन्होंने सीओ को इस संबंध में ज्ञापन देकर दर्ज रिपोर्ट की विवेचना किसी अन्य थाने से कराने की मांग की है। सीओ ने महिलाओं को उनकी शिकायत की जांच कराने का आश्वासन दिया है। संवाद