कुंदरकी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने विवाहिता के पति समेत तीन ससुराल वालों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसमें दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम फरहेदी की मूल निवासी एक विवाहिता ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया है कि दो मार्च 2024 को उसका विवाह पाकबड़ा क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी जिससे उसको एक बेटा भी है। विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति, जेठ और जेठानी ने अतिरिक्त दहेज रूप में एक लाख रूपये और एक बुलेट की मांग करने लगे और इंकार करने पर प्रताड़ित करते थे। साथ ही जान से मारने की धमकी और मारपीट कर घर निकाल देते लेकिन वह अपना घर बचाने को सबकुछ सहन करती रही। इसी बीच जब उसने पति के दूसरी महिला से अवैध संबंधों का विरोध किया तो उस पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया गया जिसकी रिपोर्ट पाकबड़ा थाने में लिखाई गई थी। इसके बाद से वह अपने मायके में रहने को मजबूर है जबकि पति उसके तलाक लेना चाहाते हैं और न्यायालय में वाद योजित कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि 22 मई 2026 को सुलह केंद्र में उसके पति भी आए थे तो वहां पर पति ने उसको जान से मारने की धमकी दी थी। थाना प्रभारी हम्बीर सिंह जादौन का कहना है कि जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।