मुरादाबाद। कटघर के गुलाबबाड़ी रेलवे फाटक के पास एक महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि ट्रेन आने पर महिला ने छलांग लगा दी थी। पर्स में मिले मोबाइल से उसकी पहचान सरिता के रूप में हुई है।
कटघर थाना प्रभारी राजेश सोलंकी ने बताया कि 52 वर्षीय महिला सरिता पत्नी कृष्णा वर्मा बिजनौर जनपद के नूरपुर निवासी थी। कटघर के बरवालान में उसका मायका है। करीब तीस साल पहले उसकी शादी नूरपुर निवासी कृष्णा वर्मा के साथ हुई थी। एक बेटा आयुष वर्मा है। महिला के भाई सुनील वर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर भांजे आयुष ने फाेन कर बताया कि अभी उसके मोबाइल पर कटघर थाने से पुलिस कर्मी की कॉल आई है। उन्होंने बताया कि एक महिला की ट्रेन से कटघर मौत हो गई है। महिला के पर्स से मोबाइल और बिजनौर से मुरादाबाद का रोडवेज की बस का टिकट मिला है। पुलिस कर्मियों ने मृतका का फोटो आयुष के नंबर पर व्हाट्सएप किया। आयुष ने फोटो देखकर मृतका की पहचान अपनी मां के रूप में की है। इसके बाद सुनील वर्मा मौके पर पहुंच गए। बिजनौर से परिजन आ गए। महिला बुधवार सुबह घर से सब्जी खरीदने के लिए निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। आत्महत्या के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।