मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में चौमुखा पुल स्थित चप्पल की दुकान में संभल निवासी महिला के पर्स से बुर्का पहनी महिला ने 36 हजार रुपये निकाल लिए और भाग गई। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि उसने इसकी शिकायत दुकानदार से की तो उसने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर महिला के साथ अभद्रता कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला को शांत कराया और आरोपी महिला की तलाश में जुट गई। संभल निवासी महिला सपना अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 25 अक्तूबर को उसकी बेटी की शादी है। वह शनिवार की शाम करीब पांच बजे मुरादाबाद में खरीदारी करने आई थी। कोतवाली क्षेत्र में चौमुखा पुल के पास चप्पल की दुकान में गई थी। यहां चप्पल पसंद कर रही थी। दुकान में भीड़ थी। इसी दौरान बुर्का पहनी महिला उसके पास खड़ी हो गई। सपना ने अपना पर्स कंधे पर टांग रखा था। इसी दौरान बुर्काधारी महिला ने पर्स की चेन खोलकर 36 हजार रुपये निकाल लिए और वहां से भाग गई। कुछ देर के बाद सपना ने चप्पल पसंद करने के बाद भुगतान करने के लिए पर्स देखा तो चेन खुली थी और 36 हजार रुपये गायब थे। उसने दुकानदार से इसकी शिकायत की तो उसने महिला से ही अभद्रता कर दी। इस पर दोनों के बीच काफी बहस हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें बुर्काधारी महिला पर्स से रुपये निकालती दिख रही है। सीओ कोतवाली कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना को अंजाम देने वाली महिला की तलाश की जा रही है।