मुरादाबाद में पत्नी ने क्लीनिक में घुसकर डॉक्टर पति को पीट दिया। आरोप है कि इस मामले में डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में नहीं लिया। डॉक्टर ने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश पर कटघर पुलिस ने पत्नी और उसके एक साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ख्वाजानगर करूला निवासी डॉ. शहनवाज आलम का तीन साल पहले अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के सहसपुर निवासी युवती आरजू के साथ निकाह हुआ था। निकाह के कुछ माह बाद पति और पत्नी के बीच विवाद हो गया। इस मामले में पत्नी ने शहनवाज के बड़े भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद पत्नी मायके चली गई। डॉक्टर का कहना है कि उसने पत्नी को मायके से लाने की कोशिश की लेकिन वह आने के लिए तैयार नहीं हुई। आरोप है कि उसने डॉक्टर के भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। डॉक्टर ने इस मामले में तलाक करने के लिए कोर्ट की शरण ली।
इस बीच पंचायत ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। आरोप है कि 28 दिसंबर को पत्नी अपने साथी के साथ डॉक्टर की क्लीनिक पर आई। दोनों ने डॉक्टर के साथ मारपीट की। इस मामले में शिकायत के बावजूद कटघर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अदालत ने इस मामले में पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर पत्नी और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।