कांठ के पट्टी मौढ़ा निवासी भूरी (58) शनिवार सुबह खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। खेत में आवारा कुत्तों के झुंड ने महिला पर हमला कर दिया। कुत्तों ने भूरी को कई जगह नोंचकर जख्मी कर दिया। शोर गुल सुनकर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान भूरी को बचाने के लिए दौड़ पड़े। किसानों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और भूरी को उनके चंगुल से छुड़ाया। कुत्तों के हमले से घायल भूरी बेहोश हो गई। परिजन भूरी को लेकर सीएचसी में पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भूरी को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया है। भूरी के सिर में 10 टांके लगे हैं। वहीं शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कुत्ते के काटने के निशान पाए गए हैं।