ठाकुरद्वारा। एक महिला को फर्जी जमीन दिखाकर उससे 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। जमीन के बारे में जानकारी लेने पर वह किसी अन्य की पाई गई। गांव तरफ दलपत निवासी मगन देई पत्नी सतबीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसे किसी काम के लिए जमीन लेनी थी। गांव करनावाला खालसा निवासी तीन भाइयों ने उससे संपर्क किया। गांव में अपनी जमीन बताई। उसका सौदा 1.20 करोड रुपये में तय हुआ। उसने एडवांस में 19 अगस्त 2025 को 16 लाख रुपये नकद गांव के कुछ लोगों और अपने पति की मौजूदगी में दिए। शेष राशि उसने कुछ नकद और कुछ ऑनलाइन माध्यम से उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए। इस पर उन्होंने भूमि का इकरारनामा स्टांप पर लिखकर दिया। कुछ दिन बाद उन्होंने बैनामे के लिए उसे तहसील बुलाया, वहां पर उन्होंने उसके हस्ताक्षर कराए और जमीन के कागज दिए। पीड़िता के अनुसार जब उसने मौके पर जमीन के बारे में जानकारी ली तो वह जमीन दूसरे व्यक्ति की निकली। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ फर्जी जमीन दिखाकर 1.20 करोड रुपए की ठगी कर ली। उसने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकी दी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने महिला को शिकायत की जांच करने का आश्वासन दिया है। संवाद