मुरादाबाद में गर्मी की तपिश जारी है। शुक्रवार सुबह से ही लू के थपेड़े जारी है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गिर रहा है। बृहस्पतिवार को भी अधिकतम तापमान इतना ही दर्ज किया गया। गर्मी के साथ लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त व्यस्त है।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की मौत हो गई। 62 वर्षीय शरफुल इस्लाम मुरादाबाद में कबाड़ी का काम करते थे। वह अपने साथियों संग पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचे थे। दुर्गियाना एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में उनका रिजर्वेशन था।
उनके साथ काम करने वाले लोगों ने बताया कि शरफुल बिल्कुल ठीक थे। थोड़ी देर पहले ही उन्होंने सबके साथ खाना खाया था। ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो सब अपने कोच में चढ़ने लगे। शरफुल अपनी सीट पर पहुंचने से पहले ही कोच में बेहोश होकर गिर पड़े।
लोगों ने मुंह पर पानी के छींटे मारे लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। थोड़ी देर बात रेलवे के डॉक्टर मौके पर पहुंचे। उन्होंने नब्ज न पाकर अस्पताल ले जाने को कहा। अस्पताल में डॉक्टरों ने यात्री को मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण जानने के लिए जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।