डबल फाटक नेता कॉलोनी के पास पुरानी बगिया कॉोलनी से सजयंतीपुर जाने वाले मार्ग पर करीब 50 मीटर क्षेत्र में जल भराव के कारण आसपास की कॉलोनियों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। जल भराव वाली सड़क पर कई जगह गड्ढे भी हैं जिसमें गिर कर कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
मंगलवार को पार्कर रोड निवासी बाइक सवार पवन कुमार जल भराव वाले मार्ग को पार करते समय बाइक समेत गिर गया। इस दौरान उसकी जेब में रखा मोबाइल भी पानी में गिर गया जो काफी खोजने के बाद भी नहीं मिल सका।
आसपास रहने वाले अजय कुमार, राकेश कुमार, रोहिन सैनी, रमेश, नरेश सैनी, सेवाराम प्रजापति, सोहन, इस्लाम, मंगल सिंह, ओमप्रकाश, नीतू, रेखा, रेनू, नेमवती, भागवती, सोनू व विनोद समेत कई लोगों ने बताया कि पड़ोस में बहने वाला नाला बुरी तरह चोक है।
कई बार शिकायत के बाद भी नगर निगम प्रशासन इसकी सफाई नहीं करा सका है। इसके अलावा सड़क भी नीची है। उसे भी निगम प्रशासन ठीक नहीं करा रहा है। जिसके कारण नाले का पानी ओवरफ्लो होकर मार्ग में भर जाता है।
लोगों ने बताया कि यह समस्या पिछले कई माह से बनी हुई है, लेकिन निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी खतरा बना रहता है। क्षेत्र के लोगों ने नगर निगम प्रशासन से समस्या समाधान कराने की मांग की है।