मुरादाबाद। जल निगम एकीकृत संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने बुधवार को आशियाना स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने के बाद सदस्यों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। संगठन ने अपने ज्ञापन में पेंशन, फरवरी महीने से रुके हुए वेतन, 2021 से रुकी मृतक आश्रित अनुकंपा नियुक्ति, महंगाई भत्ता समेत कई मांग रखी है। नगरीय कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों ने 12 और ग्रामीण कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की ओर से सात सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है। एक सभा भी हुई जिसकी अध्यक्षता योगेश कुमार रायजादा ने की। उन्होंने कहा कि अगर संगठन की मांगें नहीं मानी गई तो वह आगे और भी कदम उठाएगा। संचालन करते हुए अजय कुमार ने सभी से एकजुट रहने की अपील की। इस दौरान संघर्ष मोर्चा के सह संयोजक संतोष कुमार, शिवनारायण, अरविंद कुमार, अरुण कुमार सिसौदिया, अमीर हैदर जैदी, अरुण कुमार, देवेंद्र कुमार, राजवीर सिंह, संजय सोती, प्रमोद गुप्ता आदि मौजूद रहे। ब्यूरो