मंडी धनौरा। पेराई सत्र के दो माह बाद भी गन्ने का रेट घोषित नहीं किए जाने से किसान संगठनों में रोष है। भाकियू (अराजनैतिक) ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार ने शीघ्र ही गन्ने का रेट घोषित नहीं किया तो बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। भाकियू ने बिजली अधिकारियों को उपभोक्ताओं के शोषण से बाज आने की चेतावनी दी है।
भाकियू अराजनैतिक की पंचायत ग्राम फंदेड़ी सादात में हुई। राष्ट्रीय महासचिव उम्मेद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। पेराई सत्र के दो महीने बाद भी गन्ने का रेट घोषित नहीं किया गया है। किसानों का धैर्य जवाब दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गन्ने का रेट घोषित नहीं किया तो बेमियादी धरना शुरू कर दिया जाएगा। पंचायत में बिजली विभाग के अधिकारियों पर किसानों के शोषण का आरोप लगाया गया। खराब ट्रांसफार्मर व जर्जर तारों को नहीं बदले की शिकायत की गई। पंचायत में चेतावनी दी गई कि उपखंड अधिकारी कार्यालय की तालाबंदी की जाएगी। पंचायत में फरमान को तहसील प्रभारी व नवाब हैदर को ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। पंचायत में बिजेंद्र शर्मा, निरंजन सिंह, किरनपाल सिंह, चेतराम सैनी, बलविंदर सिंह, गजेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह आदि मौजूद थे।