नए साल मनाने के जोश में नया मुरादाबाद रोड पर पांच युवकों ने कार पर सवार होकर खूब स्टंट किया। सोशल मीडिया पर लाइक और शेयर के चक्कर में यह वीडियो वायरल हो गया। एसपी यातायात ने वीडियो को संज्ञान में लेते हुए कटघर पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस कार सवार युवकों की तलाश कर रही है।
शहर में नए साल मनाने के लिए युवा अपनी अपनी थीम के आधार पर डांस और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम किए। इस बीच सोशल मीडिया पर कार से स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हो गया। रविवार को यह वीडियो पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया।
इस वीडियो में चार युवक कार पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक युवक दरवाजा खोलकर बैठा है। पांचों डांस कर नए वर्ष का लुत्फ ले रहे हैं। पुलिस ने वीडियो को जूम कर देखा। प्राथमिक जांच में आया कि यह वीडियो नया मुरादाबाद क्षेत्र का है। कार सवार युवक कटघर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
कुछ लोगों ने वीडियो को ट्विट कर पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया के जरिए जो वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ लोग स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं। जांच के दौरान गाड़ी के नंबर का पता चला है। गाड़ी नंबर के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है।
स्टंटबाजों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए थाना प्रभारी कटघर को निर्देश दिए गए हैं। कटघर थाना प्रभारी ने बताया कि एसपी के आदेश के आधार पर पुलिस टीमें काम कर रही हैं। पता चला है कि इसमें कुछ युवक मझोला क्षेत्र के रहने वाले हैं।