कुंदरकी के श्री अजितनाथ जैन चैत्तालय में पर्युषण पर्व के पहले दिन पूजा करती महिलाएं संवाद
कुंदरकी। पर्यूषण महापर्व का पहला दिन कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाके जैन मंदिर में उत्तम क्षमा दिवस के रूप में मनाया गया। कुंदरकी के मोहल्ला कायस्थान स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर और मुख्य बाजार स्थित श्री अजितनाथ जैन चैत्तालय में श्रावकों ने भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक, शांतिधारा और विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान कुलवंत राय जैन कहा कि उत्तम क्षमा धर्म अपनाने से आत्म शुद्धि और क्षमा भाव को बढ़ावा मिलता है। वहीं ग्राम हरियाना स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में श्रावकों ने पूजा अर्चना की। शाम में मंदिरों में हुई सामूहिक आरती और प्रवचन में सकल जैन समाज शामिल रहा। वहीं पर्यूषण पर्व के पहले से काफी संख्या में जैन अनुयायियों ने व्रत भी रखे।