मुरादाबाद। महिला अस्पताल में पिछले 47 दिनों से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है। तबादले के बाद दूसरे रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हो सकी है। नतीजतन यहां की मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
जून में बड़े पैमाने पर डॉक्टरों के ट्रांसफर किए गए। इसमें जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के भी डॉक्टर शामिल रहे। महिला अस्पताल में तैनात रहे रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आरपी मिश्रा का तबादला बरेली कर दिया गया। हालांकि नए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की उम्मीद में सीएमएस ने उन्हें तत्काल रिलीव नहीं किया। इंतजार के बाद 20 जुलाई को डॉ. आरपी मिश्रा को रिलीव कर दिया गया। इसके बाद अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है, जबकि ओपीडी में आने वाली 20 से 25 मरीजों को डॉक्टर अल्ट्रासाउंड की सलाह देतीं हैं। वहीं, अस्पताल में भर्ती होने वाली मरीजों का प्रसव से पूर्व अल्ट्रासाउंड जरूरी होता है। ऐसे में इन मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।