मुरादाबाद। मझोला पुलिस ने आसरा कालोनी कुंदनपुर में रविवार की सुबह स्मैक बेच रहे दो लोगों को धर दबोचा लेकिन मौके से हिस्ट्रीशीटर सहित दो युवक भाग निकले। पकड़े गए लोगों के कब्जे से पुुलिस ने 34 ग्राम स्मैक बरामद की है।
थाना प्रभारी धनंजय सिंह के अनुुसार राम तलैया चौकी प्रभारी मदन कुमार ने रविवार की सुबह कुंदनपुर स्थित आसरा कॉलोनी के पास खड़े दो युवकों को स्मैक के साथ धर दबोचा। पुलिस को देखते ही स्मैक तस्करों के सरगना सहित दो युवक भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों में मझोला के विकासनगर निवासी ब्रजपाल उर्फ बिरजू और एकता कॉलोनी मंडी समिति निवासी पप्पू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी ब्रजपाल के पास से 18 ग्राम और पप्पू के पास से 16 ग्राम स्मैक बरामद की। बरामद स्मैक की कीमत 50 हजार बताई जा रही है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशीला पदार्थ रिक्शा वालों, स्कूली छात्रों आदि को बेचते हैं। मौके से भागने वालों में कुंदनपुर ढक्का निवासी हिस्ट्रीशीटर कुंवरपाल और चाऊ की बस्ती निवासी अमरदीप शामिल हैं। आरोपी कुंवरपाल गिरोह का सरगना है और वही सबको साथ लेकर नशीले पदार्थों की तस्करी करता है। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हिस्ट्रीशीटर सहित दो लोगों की तलाश कर रही है।