कटघर थाना क्षेत्र के गांव में बृहस्पतिवार रात खाने को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें दूल्हे के भाई समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। हालांकि, किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
कटघर थाना क्षेत्र के देवापुर निवासी युवक का रिश्ता उसी थाना क्षेत्र के रफातपुर गांव निवासी युवती से तय हुआ था। बृहस्पतिवार को बरात रफातपुर पहुंची थी। बरात में खाने के दौरान किसी बात को लेकर दुल्हन और दूल्हे पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद दुल्हन के भाई समेत उसके पक्ष के अन्य लोगों ने लाठी-डंडा लेकर बरातियों पर हमला कर दिया।
इस दौरान जमकर मारपीट हुई। जिसमें दूल्हे के भाई समेत चार लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान वहां अफरातफरी मच गई। कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि रफातपुर में शादी समारोह के दौरान मारपीट हुई थी। घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर किया जाएगा।