रामपुर। सपा नेता आजम खां पर रामपुर के अलग-अलग थानों में दो और मुकदमे दर्ज हुए हैं। अब उन पर दर्ज मुकदमों की संख्या 90 से अधिक हो गई है।
आजम खां के खिलाफ यतीमखाना प्रकरण में दर्ज मुकदमों में से एक केस के वादी नन्हे ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि बुधवार (आज) सुबह उसे यतीमखाना प्रकरण में बयान दर्ज कराने कोर्ट जाना था। उससे पहले घर पहुंचे चार-पांच अन्जान लोगों ने धमकाते हुए कहा, तुम्हें आजम खां के खिलाफ गवाही नहीं देनी है, अगर सही बात कही तो तुम्हारा हाल बुरा होगा। शहर कोतवाल गजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि आजम खां तथा पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इसके अलावा डूंगरपुर प्रकरण में दर्ज मुकदमों से एक के वादी अबरार हुसैन की तहरीर पर आजम खां, चार-पांच अज्ञात समेत 10 लोगों के खिलाफ गंज थाने में केस दर्ज किया गया है। अबरार हुसैन का कहना है कि सोमवार शाम उनके घर आए चार-पांच लोगों ने कोर्ट में गवाही देने पर बुरे अंजाम की धमकी दी थी। शोर मचाने पर पत्नी के साथ बदतमीजी की थी। कहा था कि आजम खां और जेल में बंद पूर्व पालिकाध्यक्ष अजहर खां ने उन्हें भेजा है।