मुरादाबाद के छजलैट थाना क्षेत्र के गांव पोटा में सोमवार शाम पुराने मकान को तोड़ते समय लेंटर भरभरा कर गिर गया। मलबे में दबकर कांठ के गांव खूंटखेड़ा निवासी मजदूर राम सिंह और योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए मुरादाबाद ले जाते समय दोनों की मौत हो गई।
गांव पोटा निवासी सूरजपाल सिंह के मकान का काम गांव देहरी जुम्मन निवासी एक ठेकेदार के पास है। पुराना भवन तोड़ने के लिए ठेकेदार ने ही मजदूरों को काम पर लगाया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय काम में लगा तीसरा मजदूर राजू बाल-बाल बचा। उसने शोर मचाया तो सूरजपाल सिंह के परिजन और ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। जेसीबी से मलबा हटाकर राम सिंह और योगेंद्र को बाहर निकाला गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। कुछ समय बाद एसडीएम जगमोहन गुप्ता, सीओ डॉ. गणेश कुमार गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।