बिलारी। एसडीएम ने मंगलवार दोपहर बाद बिलारी और कुंदरकी में चार सरकारी धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। दो केंद्रों पर धान की खरीद होती न मिलने पर एसडीएम ने दोनों केंद्र प्रभारियों से जवाब तलब किया है। एसडीएम ने बिलारी नगर में सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर स्थित विपणन विभाग के धान क्रय केंद्र और कुंदरकी में सहकारी संघ के धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां धान की खरीद और बढ़ाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने जब थांवला सहकारी समिति और बिलारी सहकारी समिति पर स्थापित सरकारी धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया तब यहां धान की खरीद होती हुई नहीं मिली। एसडीएम ने बताया कि दोनों समितियों पर जन संपर्क रजिस्टर देखने पर पता चला कि सहकारी समितियों के कर्मचारियों द्वारा धान बिक्री के लिए किसानों से पर्याप्त संपर्क नहीं किया जा रहा है। एसडीएम के अनुसार दोनों धान खरीद केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।