मुरादाबाद। सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर में मंगलवार शाम युवकों के दो गुट भिड़ गए। इस दौरान सुतली बम से भी हमला किया गया। जिससे एक कार के शीशे टूट गए। लोगों के जुटने पर दोनों पक्ष के लोग मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आस पड़ोस के मकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है।
पुलिस के मुताबिक, घटना दीन दयाल नगर फेस वन में अशोक पार्क के पास की है। मंगलवार शाम करीब चार बजे युवकों के दो गुट यहां पहुंचे। उन्होंने एक दूसरे पर लाठी डंडे और बेल्टों से हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक ने सुतली बम से हमला कर दिया। बम कार के शीशा पर लगा तेज धमाका हुआ तो आस पड़ोस के लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच दोनों पक्षों के युवक मौके से भाग गए। रामगंगा विहार चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है।
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। मारपीट करने और सुतली बम फेंकने वालों की तलाश की जा रही है।