कांठ। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति लिए बिना ही ईंट भट्ठों का संचालन करने के आरोप में तहसील प्रशासन और खनन विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों की चेकिंग की। इस दौरान दो ईंट भट्ठों को पानी डलवाकर बंद कराए जाने की कार्रवाई की गई। मंगलवार की शाम जिला खनन अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अवैध ईंट भट्ठों को बंद कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिन भट्ठा संचालकों के पास इन्हें चलाने के लिए मानक पूरे नहीं हैं, उन्हें बंद कराने की कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसील प्रशासन को साथ लेकर दो ईंट भट्ठों को बंद कराया गया। उन्होंने बताया कि उमरी कलां स्थित और गांव जमनिया आजम स्थित ईंट भट्ठा संचालकों के पास प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से जारी होने वाला प्रमाण-पत्र नहीं मिला। जिस कारण इन दोनों भट्ठों में पानी डलवाकर बंद कराया गया है।