मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में आयकर विभाग का अधिकारी बताकर प्लास्टिक कबाड़ कारोबारी से अवैध वसूली के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने गोदाम के कागजात जांचने के नाम पर 10 हजार रुपये मांगे थे। कारोबारी ने पांच हजार रुपये लेकर रसीद मांगी। वह न तो रसीद दे पाए और न ही पहचान पत्र दिखा सकी। शक होने पर कारोबारी ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस बुला ली। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे दो युवक भोजपुर के मोहल्ला बगिया वाला निवासी नूर मोहम्मद के गोदाम पर पहुंच गए और खुद को आयकर अधिकारी बताकर कागजात जांचने की बात कही। युवकों ने कारोबारी को डराया-धमकाया और रुपये नहीं देने पर गोदाम सील करने की धमकी दी। उन्होंने 10 हजार रुपये की मांग की लेकिन कारोबारी ने उन्हें पांच हजार रुपये ही दिए। इसके बाद उनसे रसीद मांगी लेकिन उन्होंने रसीद नहीं दी और पहचान पत्र और विभागीय आदेश की कॉपी मांगी लेकिन लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाए। कारोबारी और उनके कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई। पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के देहरी गांव निवासी कन्हैया लाल और पीतल नगरी निवासी ऋतिक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आयकर विभाग नाम से बनी फर्जी फाइलें बरामद की हैं। इससे पहले भी दोनों आरोपी कारोबारी नूर मोहम्मद व अन्य कारोबारियों से वसूली कर चुके हैं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।