मुरादाबाद। शनिवार शाम आई बारिश और आंधी से बिजली के तारों पर पेड़ गिर गए और खंभे टूट गए। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आंधी और बारिश बंद होने के बाद बिजली कर्मचारी मौके पर पहुुच गए और बिजली आपूर्ति चालू करने में जुट गए।
शनिवार शाम करीब चार बजे अचानक आंधी और बारिश शुरू हो गई थी। जिससे लाइन पार में बिजली लाइनों पर पेड़ टूटकर गिर गए। प्रकाश नगर, प्रेम नगर, रामलीला मैदान, ढक्का, कुंदनपुर, मंडी समिति, एकता कालोनी में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गांधी नगर में एक खंभा टूट गया। जिससे गांधी नगर, हरपाल नगर, असालतपुरा समेत अन्य मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बारिश और आंधी बंद होने के बाद बिजली कर्मचारी लाइन ठीक करने में जुट गए। रात करीब दस बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो गई थी।